उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में नकल कराने वाले हाईटेक गिरोह के खिलाफ एसटीएफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में एसटीएफ ने गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों पर अत्याधुनिक उपकरणों के जरिए अभ्यर्थियों को नकल कराने में मदद करता था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के मुताबिक, खुफिया जानकारी के आधार पर टीम ने देहरादून के नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन अकादमी से आरोपी ईश्वरी प्रसाद उर्फ इंद्रजीत शर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी दिल्ली के निहाल विहार का रहने वाला बताया गया है।
गिरफ्तारी के दौरान एसटीएफ को मौके से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए। इनमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, इंटरनेट राउटर, मिनी ब्लूटूथ डिवाइस, रिसीवर, सिम बॉक्स, बैटरियां और फर्जी आईडी कार्ड शामिल हैं। जांच में पता चला कि आरोपी इन उपकरणों को परीक्षा केंद्र की लैब में स्थापित करने की तैयारी कर रहा था।
एसटीएफ की जांच में सामने आया कि 13 फरवरी को आयोजित एसएससी मल्टी टास्किंग स्टाफ और हवलदार भर्ती परीक्षा के दौरान भी इसी गिरोह ने देहरादून के एमकेपी परीक्षा केंद्र पर सर्वर रूम और भूमिगत कक्ष बनाकर नकल कराई थी। अब तक इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जांच एजेंसियों को पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि सेंट जॉन अकादमी समेत कुछ अन्य परीक्षा केंद्रों के सर्वर भी प्रभावित किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए 18 मई को होने वाली एसएससी जीडी कांस्टेबल परीक्षा के लिए बनाए गए सेंट जॉन अकादमी केंद्र को सील कर दिया गया है। साथ ही इसकी सूचना एसएससी के क्षेत्रीय निदेशक को भेज दी गई है।

