राजाजी टाइगर रिजर्व के भीतर स्थित मां सुरेश्वरी देवी मंदिर एक बार फिर चर्चा में आ गया है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास के बेटे की शादी यहां संपन्न हुई, लेकिन आयोजन से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।

हरिद्वार रेंज के रानीपुर गेट के अंदर स्थित इस मंदिर में आम तौर पर सख्त नियम लागू हैं। वन क्षेत्र होने के कारण यहां शाम 5 बजे के बाद प्रवेश प्रतिबंधित है और ऐसे किसी भी सामान या आयोजन की अनुमति नहीं होती, जिससे वन्यजीवों पर असर पड़े। श्रद्धालुओं को केवल तय समय में पूजा-अर्चना की अनुमति दी जाती है।

इसके बावजूद शनिवार को शादी की तैयारियों के दौरान मंदिर परिसर को सजाया गया और वीआईपी मेहमानों के लिए बैठने व भोजन की व्यवस्था भी की गई। बताया जा रहा है कि कुछ प्रतिबंधित सामान भी अंदर ले जाया गया, जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

रविवार को मंत्री के बेटे अनुज और सरिता विवाह बंधन में बंधे, जहां बड़ी संख्या में लोग आशीर्वाद देने पहुंचे और भंडारे का आयोजन भी किया गया। इस बीच, मंदिर के प्रवेशद्वार को कुछ समय के लिए बंद किए जाने की भी चर्चा रही, जिससे कई श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि अधिकारियों ने इसे खारिज किया।

 

सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि कड़ी सुरक्षा और चेकिंग के बावजूद प्रतिबंधित सामान जंगल क्षेत्र में कैसे पहुंचा। इस मामले के सामने आने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।